संसद के मानसून सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को भी विपक्ष के हंगामे के चलते लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही बार-बार बाधित रही। नीट पेपर लीक, छात्रों के विरोध प्रदर्शन पर पुलिस कार्रवाई और अन्य मुद्दों को लेकर विपक्ष के विरोध के बीच दोनों सदनों की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित करनी पड़ी।
पहली बार स्थगित होने के बाद दोपहर 12 बजे जैसे ही लोकसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई, विपक्षी सदस्य नारेबाजी करने लगे। शोर-शराबे के बीच मंत्रियों ने सदन के पटल पर आवश्यक दस्तावेज रखे। अध्यक्षीय पीठ ने विपक्षी सदस्यों से अपनी सीटों पर लौटने और सदन की कार्यवाही चलने देने की अपील की, लेकिन हंगामा नहीं थमा। इसके बाद लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई।